Wednesday, June 15, 2011

मानव को स्वस्थ एवं सुखी रहने के लिए

मानव को स्वस्थ एवं सुखी रहने के लिए ही वह स्वर्णिम अवसर मिला है। जीवन से बढ़कर अधिक मूल्यवान् कुछ भी नहीं है। यदि आपका सारा धन लूट गया और जीवन शेष बचा है तो कुछ भी नहीं लूटा और सब कुछ शेष रह गया। जीवन का महत्व समझना चाहिए। जीवन में रुचि लेना आद्य एवं सर्वप्रथम आवश्यकता है। धर्म, कर्म, ज्ञान, योग, भोग, त्याग, मुक्ति इत्यादि सब कुछ बाद में है। जो जीवन में रुचि नहीं लेता है, उसे जीने का अधिकार नहीं हैं तथा वह तो जिन्दगी के बोझ ढोनेवाला दयनीय पशु है। अपने जीवन को जैसा भी है, स्वीकार कर लेना चाहिए तथा अपनी परिस्थितियों को कोसकर अपने लिए नरक बना लेना नासमझी है। जीवन का पुजारी अवश्य ही सुख को प्राप्त कर लेता है। जीवेष्णा (जीने की इच्छा) निराशा को दूर करने के लिए महौषधि होती है। जीवन के सौंदर्य एवं आकर्षण को न जाननेवाले मूढ़जन जीवन से ऊब जाते हैं। अधिक-से-अधिक लोगों के लिए, विशेषतः अधिक-से-अधिक दीन-दुःखी जन के लिए, अधिक-से-अधिक उपयोगी बनने पर आपके जीवन में एक विचित्र माधुर्य उत्पन्न हो जायगा और आपका जीवन एक मधुर संगीत बन जायगा। जीवन की सरगम पर कोई बेसुरा राग न अलापें, एक मधुर संगीत गायें। मानव भ्रांत विचारों तथा मूर्खतापूर्ण कर्मों के कारण इधर-उधर भटकता ही रहता है। ईश्वरतत्व हमें सुख का रास्ता दिखा रहा है, किंतु हम तो जान-बूझकर आँखें बंद किये हुए बैठे हैं। धरती को स्वर्ग बनाने के प्रयत्न द्वारा ईश्वर को प्राप्त करो। उठो, जागो, आगे बढ़ो!
अनेक बार मनुष्य धन, बल इत्यादि के अभाव पर तथा अपने दुर्गुणों पर अनावश्यक ध्यान देने के लिए पतनकारक हीनभावना से ग्रस्त हो जाता है, किंतु आत्मसम्मान को जगाकर वह उससे भी अवश्य मुक्त हो सकता है। जीवन में कुछ अभावों के कारण अपने को हीन तथा दुर्गुणों के कारण अपने को निकृष्ट मान बैठना अविवेक हैं, अपने साथ शत्रुता करना है, अपना दम घोंटना है। हममें कुछ गुण भी तो हैं, उन्हें अनदेखा क्यों कर दें? हम अपनी सत्ता को नकारकर अपनी ही हानि क्यों कर लें?आत्मसम्मान को जगाकर मनुष्य निश्चय ही अपनी समस्त हीनता पर विजय पा सकता है। वास्तव में आत्मसम्मान आत्मविश्वास का जनक होता है तथा आत्मसम्मान के साथ आत्मविश्वास भी जाग जाता है। आत्मसम्मान एवं आत्मविश्वास के बिना मनुष्य दयनीय तथा उनसे युक्त होकर सर्वसमर्थ हो जाता है। आत्मसम्मान एवं आत्मविश्वास से ही मनुष्य को मनुष्य की प्रतिष्ठा प्राप्त होती है। आत्मसम्मान का भाव मनुष्य में सदगुणों का प्रेरक तथा दुर्गुणों का प्रभावी नियन्त्रक होता है। सणों के विकास द्वारा ही मनुष्य दुर्गुणों पर विजय पा सकता है।
वास्तव में प्रत्येक मनुष्य में महानता की अनन्त सम्भावनाएँ छिपी पड़ी हैं। किंतु मनुष्य को अपनी महत्ता पहचानकर उसके अनुरुप चिन्तन और कर्म भी तो करना चाहिए। कोई मनुष्य किसी एक दिशा में महान् हो सकता है तो कोई अन्य मनुष्य किसी दूसरी दिशा में आगे बढ़ सकता है। जिस मनुष्य के पास जो कुछ गुण या शाक्ति है, वह उसी को लेकर ऊँचा उठे। तभी उसकी सफलता और सार्थकता है। अनन्त शाक्तिमान् परमेश्वर का अंशभूत होने के कारण मनुष्य में अनन्त शक्तियों का भण्डार भरा पड़ा है तथा उसमें अनन्त उन्नति की सम्भावनाएं छिपी हुई हैं। अपनी निधि को बिना पहचाने तो राजा भी रंक ही है। मनुष्य अपनी अगणित प्रसुप्त शक्तियों को भूलकर दयनीय और उन्हें जगाकर समर्थ हो जाता है। अपनी शाक्तियों पर भरोसा करने की आवश्यकता है, उनके सदुपयोग करने और संकल्प लेने की आवश्यकता है, उत्तम लक्ष्यों की ओर चल पड़ने की आवश्यकता है, दृढ़ता और धैर्य की आवश्यकता है, आत्मविश्वास की आवश्यकता है। मनुष्य को कभी-कभी एकान्त में बैठकर आत्मविश्वास को जगाने का अभ्यास करना चाहिए और पग-पग पर सँभलने का निश्चय करना चाहिए। मनुष्य आत्मविश्वास को जगाकर ही संकटों को पार करता हुआ आगे बढ़ सकता है, ऊँचे उठ सकता है और महान् बन सकता है। आत्मविश्वास का अर्थ हैं अपनी समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने की अपनी सामर्थ्य में विश्वास होना। मनुष्य विवेक के सहारे अपने विलुप्त आत्मविश्वास को जगा सकता है।
हमारे विचारों, आशाओं, निराशाओं, भय, घृणा, क्रोध आदि मनोवेगों का प्रभाव हमारे शरीर के अंग-प्रत्यंग पर पड़ रहा है, हमारे स्वास्थ्य और मनोदशा पर पड़ रहा है, शरीर की एक-एक कोशिश (सेल) पर पड़ रहा है; हृदय और मस्तिष्क पर पड़ रहा है, रक्त पर पड़ रहा है, स्नायुतंत्र (नर्वस-सिस्टम) पर पड़ रहा है। हमारे विचारों का प्रभाव हमारे व्यक्तित्व में झलक रहा है। जितनी बार भी हम चिंता से घबरा उठते हैं अथवा उत्तेजित होकर व्यर्थ ही घृणापूर्ण क्रोध में भड़क उठते हैं, उतनी बार हम मानों अपने ही शरीर में, मस्तिष्क से तथा प्रत्येक सेल से ही लड़ बैठते हैं। प्रत्येक चिन्ता और भय हमारे मन और स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव छोड़कर जाते हैं। चिंता और भय हमारे स्नायु-तंत्र में कम्पन तथा रक्त में एक विषैला तत्व उत्पन्न कर देते हैं जो हमें जर्जर कर देते हैं। मानसिक तनाव से बृहदांत्र शोथ (कोलाइटिस), उदरव्रण, सिरदर्द, कमरदर्द, हृदयघात आदि महारोग उत्पन्न हो जाते हैं। मानसिक तनाव का उपाय आत्मविश्वास ही तो है। आत्मविश्वास जगाकर आगे बढ़ें। सब लोग आत्मविश्वास से ही आगे बढ़ते हैं अतएव किसी व्यक्ति का खोया हुआ आत्मविश्वास लौटा देना उसकी सबसे बड़ी सेवा एवं सहायता है। हताश होना अथवा हताश करना अक्षम्य अपराध है। जहाँ आत्मविश्वास है तथा प्रभु पर विश्वास है, वहाँ चिन्ता और भय न रह सकेंगे। भक्तिभाव से ओत-प्रोत होकर कबीर कहते हैं:
उस समरथ को दास हौं, कदै न होय अकाज।
पतिबरता नांगी रहै, वाही पुरुस को लाज॥
ईश्वरभक्त का विश्वास है कि उसका अकाज नहीं हो सकता है, क्योंकि ईश्वर सर्वसमर्थ है, किंतु यदि कुछ हानि हो भी जाय तो वह ईश्वर का ही प्रसाद है। ईश्वर-विश्वास के प्रकाश में चिंता का अन्धकार लुप्त हो जाता है।
धीरे-धीरे मस्ती को स्वभाव का अंग बना लें। मस्ती की आदत डाल ले

No comments:

Post a Comment